CG Murder: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद गांव वालों को वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।![]()
बची हुई शराब पीने पर पत्नी की हत्या
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अगहन बाई धनवार (32) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थी और अपने पति परदेसी धनवार के साथ भैसामुड़ा में रहकर मजदूरी करती थी। रविवार देर रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद बची हुई शराब पत्नी ने पी ली, जिससे नाराज होकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
डंडे से बेरहमी से की पिटाई
विवाद बढ़ने पर नशे में धुत आरोपी ने पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार उसने कमरे में दौड़ा-दौड़ाकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग के साथ भी आरोपी ने मारपीट की, जिसके बाद वह वहां से चले गए।
पुलिस को कमरे में चटाई, दीवार और फर्श पर खून के निशान मिले। मौके से हत्या में इस्तेमाल टूटा हुआ डंडा भी बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शव से लिपटकर रोने लगा पति
पत्नी की मौत के बाद आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा और लिपटकर रोने लगा। सोमवार सुबह वह गांव में जाकर लोगों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी परदेसी धनवार को हिरासत में लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



