CG Monsoon Session 2026: विधानसभा में आज 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा, भूपेश बघेल उठाएंगे फर्जी ग्रामसभा का मुद्दा; इन विषयों पर सरकार से जवाब

CG Monsoon Session 2026

CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल फर्जी ग्रामसभाओं के आधार पर उद्योगों की स्थापना और इस मामले में दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का मुद्दा उठाएंगे। इस संबंध में वित्त मंत्री ओपी चौधरी से जवाब मांगा जाएगा।tc

सदन में रायपुर शहर के मास्टर प्लान, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कर्मचारियों के वेतन भुगतान, जर्जर सड़कों, औद्योगिक सुरक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय और भौतिक प्रगति की जानकारी मांगेंगे। विधायक आशाराम नेताम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मुद्दा उठाएंगे।

विधायक राघवेंद्र सिंह “ज्ञान भारतम् अभियान” के तहत छत्तीसगढ़ की प्राचीन पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के सत्यापन एवं संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी मांगेंगे। कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद मत्स्य पालन के लिए पट्टों के आबंटन का मुद्दा उठाएंगे। भाजपा विधायक ललित चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में उपकरण खरीदी में कथित अनियमितताओं पर सवाल करेंगे, जबकि कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू उर्वरक वितरण का मुद्दा सदन में रखेंगे।

कार्यसूची के अनुसार 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में कथित अनियमितता, प्रदेश की जर्जर सड़कें, औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था, रायपुर के मास्टर प्लान में कथित अनियमितता, कोरिया जिले में कार में आग लगाकर की गई हत्या और जंगलों की अवैध कटाई जैसे विषय भी शामिल हैं। विभिन्न जिलों से जुड़े स्थानीय और जनहित के मामलों पर संबंधित मंत्री सदन में जवाब देंगे।

सदन में दो अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखेंगे। वहीं भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव सदन में पेश करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *