CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन वेदांता प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से उठा। विपक्ष ने सक्ती जिले में हुए हादसे में मजदूरों की मौत और दर्ज प्राथमिकी को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उद्योग मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया।![]()
प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने जनवरी 2024 से मई 2026 तक प्रदेश के उद्योगों में हुई दुर्घटनाओं, मृतकों की संख्या और पीड़ित परिवारों को दिए गए मुआवजे की जानकारी मांगी। उन्होंने सक्ती जिले के वेदांता प्लांट हादसे का उल्लेख करते हुए संबंधित मामले में दर्ज प्राथमिकी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए।
मंत्री ने दिया ये जवाब
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सुरक्षा ऑडिट नहीं होने जैसी कमियां दुर्घटनाओं की एक वजह रही हैं। उन्होंने बताया कि वेदांता प्लांट हादसे में मृतकों के आश्रितों को कंपनी की ओर से 35-35 लाख रुपये और प्रधानमंत्री राहत निधि से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है।
मंत्री ने यह भी कहा कि मामले की जांच पुलिस कर रही है और श्रम न्यायालय में भी प्रकरण लंबित है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CG Monsoon Session 2026: आज कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव, विधानसभा में 10वीं बार होगी चर्चा
जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया वॉकआउट
मंत्री के जवाब के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने औद्योगिक दुर्घटनाओं के अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए पूछा कि पहले कितनी फैक्ट्रियों के निदेशकों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की गई है। इसके बाद कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाते हुए सदन में नारेबाजी की और मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर वॉकआउट कर दिया।



