CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरन तारण जिले के पट्टी का निवासी है। उसके खिलाफ अकलतरा थाना में देश विरोधी गतिविधियों से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कुछ लोग किराए पर रह रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सत्यापन के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ शुरू की।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब और कुछ अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। इसके आधार पर उस पर ISI से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में होने का संदेह जताया गया है और आगे की जांच शुरू की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के माध्यम से विदेशी नंबरों से लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आने का दावा पुलिस ने किया है। साथ ही उस पर छत्तीसगढ़ के कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा करने का भी संदेह व्यक्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात कही गई है, जिनकी जांच जारी है।
जांच के दौरान यह भी आशंका जताई गई है कि आरोपी को पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना हो सकती थी और उसके बाद किसी व्यक्ति या स्थान को निशाना बनाने का निर्देश दिया जा सकता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में अभी जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
