Raipur Fire: राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है। घटना के दौरान फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छा गया था।![]()
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान एक वाल्व ठीक से बंद नहीं हो पाया, जिससे गर्म पदार्थ बाहर निकल गया। ऑक्सीजन के संपर्क में आते ही सेल्फ इग्नीशन की प्रक्रिया शुरू हुई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
1 कर्मचारी घायल
घटना के समय सैंपलिंग कार्य कर रहे एक कर्मचारी के हाथ में हल्की चोट आई है। घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन करने के लिए जांच जारी है।
ऑटोमोबाइल बिल्डिंग में लगी थी भीषण आग
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल बिल्डिंग में भी भीषण आग लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए करीब 11 घंटे तक रेस्क्यू और फायर ऑपरेशन चलाया गया था। आग दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई थी, जिसके बाद जेसीबी की मदद से भवन का हिस्सा तोड़कर दमकल कर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग बुझाई थी।




