Raigarh Suicide: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक का शव घर के भीतर खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और युवक की कलाई की नस कटी हुई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।![]()
जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जमरगीडी निवासी मनोज सिसोदिया (40) घर में अकेला रहता था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसके घर के आंगन और कमरे में खून के निशान देखे, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसकी पत्नी और बच्चे बाहर रहकर काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज ने अपने दोनों हाथों की कलाई की नसें काट ली थीं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई।
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


