CG Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रविवार देर रात एक जंगली हाथी ने सड़क निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों पर हमला कर दिया, जिसमें दो श्रमिकों की मौत हो गई।![]()
जानकारी के अनुसार, यह घटना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवसील गांव की आगे बस्ती में हुई। जहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जहां जेसीबी मशीन के साथ कई श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात काम समाप्त होने के बाद श्रमिक आग जलाकर भोजन करने के बाद वहीं आराम कर रहे थे।
इसी दौरान एक जंगली हाथी अचानक मौके पर पहुंच गया और श्रमिकों पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में गौरव (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35) को उपचार के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के वनकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाथी के हमले के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



