Dhamtari Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। आरोपियों की योजना इस खेप को रायपुर और उत्तर प्रदेश में खपाने की थी।![]()
नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस्तर क्षेत्र से एक कार और पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई में नाकेबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सफेद बोरियों में भरा भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
2 करोड़ का गांजा बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 हजार रुपए बताई गई है। मामले में रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद सादिक और हिमांशु साहू को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
रायपुर और उत्तर प्रदेश में सप्लाई की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जगदलपुर में सब्जी खाली करने के बाद पिकअप वाहन में गांजा लोड कर रायपुर और उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी में थे। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस अब इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

