Bilaspur Fire: बिलासपुर के रेलवे परिक्षेत्र स्थित बुधवारी बाजार में गुरुवार रात भीषण आग लगने से साइकिल स्टोर समेत चार दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग सबसे पहले एक साइकिल दुकान में लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।![]()
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे जय हिंद साइकिल स्टोर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। दुकान में बड़ी मात्रा में टायर, ट्यूब, साइकिल पार्ट्स और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
4 दुकानों तक पहुंची आग
साइकिल दुकान में लगी आग की लपटें जल्द ही आसपास की रेडीमेड कपड़ों की दुकानों तक पहुंच गईं। आग फैलने की सूचना मिलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के व्यापारियों ने तत्काल अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया।
4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बुधवारी बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को अंदर तक पहुंचने में कठिनाई हुई। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने मुख्य मार्ग से सैकड़ों मीटर लंबे पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
आग बुझाने के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और व्यापारिक संगठनों के सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर राहत कार्य में सहयोग किया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।



