CBSE Re-evaluation: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE Verification Process) ने वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर फीस भुगतान को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच बनी भ्रम की स्थिति को स्पष्ट किया है। बोर्ड ने कहा है कि पोर्टल पर उपलब्ध SBI, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक के पेमेंट गेटवे का उपयोग करने के लिए इन बैंकों में खाता होना जरूरी नहीं है।![]()
CBSE ने बताया कि छात्र उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से UPI, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड जैसी ऑनलाइन भुगतान सुविधाओं का आसानी से उपयोग कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार, फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
40 हजार छात्रों ने किया आवेदन
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 9:30 बजे तक करीब 40 हजार छात्रों ने वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए सफलतापूर्वक आवेदन किया है। CBSE ने कहा कि सभी आवेदन निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत बिना किसी बड़ी तकनीकी समस्या के पूरे किए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
CBSE ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। बोर्ड ने कहा कि सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल CBSE के अधिकृत पोर्टल और नोटिस के माध्यम से जारी की जाती हैं।
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

