CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र अंतर्गत साडरापाल गांव में आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कई ग्रामीण घायल हो गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार साडरापाल गांव में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। घटना में कई ग्रामीण घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तोंगपाल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


