Himachal Accident: हिमाचल हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; 8 की गई जान

Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के एक परिवार सहित 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बेंगलुरु से घूमने आए दो परिवार साच पास की ओर जा रहे थे। बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में 2 बच्चों समेत कार में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई।tcw

मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर नौकरी कर रहा था और छुट्टियां मनाने हिमाचल प्रदेश पहुंचा था।

कार में कुल 8 लोग सवार थे

जानकारी के अनुसार हादसा चंबा जिले के चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास शुक्रवार रात हुआ। दोनों परिवारों ने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी और साच पास क्षेत्र में बर्फबारी तथा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए निकले थे। कार में कुल 8 लोग सवार थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

खाई की गहराई अधिक होने के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला। हादसे में चालक सहित सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान चालक विश्वास सल्होता निवासी बनीखेत (चंबा), अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, पुत्र दर्श और अक्षद, पी.जी. कार्तिघायन, उनकी पत्नी मनीमाला तथा पुत्र नंदन के रूप में हुई है।

हादसे का खुलासा तब हुआ जब देर रात तक टैक्सी डलहौजी वापस नहीं लौटी। वाहन मालिक ने जीपीएस लोकेशन की जांच की तो वाहन कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई और शनिवार को वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई।

रेस्क्यू में आई भारी दिक्कत

दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गहरी खाई, पथरीला रास्ता और खराब मौसम के चलते शनिवार को शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। वहीं क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बचाव अभियान भी प्रभावित हुआ।

ह्यूमन चेन बनाकर निकाले गए शव

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई को देखते हुए ह्यूमन चेन बनाकर और रस्सियों की मदद से एक-एक कर सभी शवों को बाहर निकाला गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी 8 शवों को सड़क तक पहुंचाया गया।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

हिमाचल पुलिस ने हादसे की सूचना दुर्ग पुलिस को भी दे दी है। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं।

हादसे की जांच जारी

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने, सड़क पर फिसलन, तेज रफ्तार अथवा वाहन में तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *