Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेम संबंधों से नाराज एक हेडमास्टर ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के बॉयफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या मोबाइल चार्जिंग केबल और प्लास्टिक की सुतली से की गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र स्थित सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है।![]()
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवकुमार कामले (49) कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के सिंगारपुर स्थित मिडिल स्कूल में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ है। उसकी पत्नी रीना कामले का मुंगेली निवासी दावेंद्र बघेल (27) के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह पहले ही शिवकुमार अपने परिवार के साथ बिलासपुर के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने आया था। शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि शिवकुमार ने पत्नी से दावेंद्र को घर बुलाने के लिए कहा। फोन करने पर दावेंद्र घर पहुंच गया, जहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।
दोपहर के समय स्थिति गंभीर होती देख रीना कामले सकरी थाने पहुंची और पुलिस को घर में चल रहे विवाद की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर के अंदर दावेंद्र बघेल का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि आरोपी पिता और पुत्र मौके से फरार हो चुके थे।
जांच में सामने आया कि दावेंद्र और रीना की पहचान करीब दो साल पहले एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और प्रेम संबंध शुरू हो गया। दावेंद्र कैटरिंग का काम करता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवकुमार ने बताया कि उसे करीब एक माह पहले दोनों के संबंधों की जानकारी मिली थी। उसने पत्नी को दावेंद्र से संपर्क रखने से मना किया था और उसका सिम कार्ड भी तोड़ दिया था। इसके बावजूद दावेंद्र शनिवार को नया सिम देने के लिए रीना से मिलने पहुंचा था।
आरोप है कि घर पहुंचने के बाद समझाने के दौरान विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। इसी दौरान शिवकुमार और उसके बेटे ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जिंग केबल से दावेंद्र का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पिता-पुत्र गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


