CG News: सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था पर भड़के डॉ. रमन सिंह, जानें क्या कहा..

CG News: सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था पर भड़के डॉ. रमन सिंह, जानें क्या कहा..

CG News: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई। तेज आंधी और बारिश के कारण कार्यक्रम बाधित होने के बाद उन्होंने कलेक्टर और एसपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक रूप से नसीहत दी।tcw

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी और बारिश से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मुख्य मंच का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे समारोह में शामिल लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री के आशीर्वाद समारोह सहित लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

कार्यक्रम रद्द होने के बाद रेस्ट हाउस में आयोजित संक्षिप्त समारोह में डॉ. रमन सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के कई सदस्य कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन जिला प्रशासन उनकी गरिमा के अनुरूप व्यवस्था नहीं कर सका।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन व्यक्ति की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां दिखाई दीं। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में बेहतर प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रहनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मौसम खराब होने के बाद भी प्रशासन समय रहते वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पूरा नेतृत्व कार्यक्रम स्थल पर मौजूद था, इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा त्वरित निर्णय नहीं लिया गया।

अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, लेकिन इस तरह की अव्यवस्था बहुत कम देखने को मिली। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में अधिकारी इस घटना से सीख लेते हुए बेहतर तैयारी और समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *