Mahasamund Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। तस्कर गांजे को कंपनी के मशीनरी सामान और बड़े-बड़े कार्टूनों के बीच छिपाकर महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी में था। कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली कि एक टाटा माजदा वाहन (MH-46 CU-6060) मुरमुरी चौक मार्ग से कंपनी का सामान लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहा है, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान कंपनी के मशीनरी सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों से 600 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक महबूब बादशाह (65 वर्ष), निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से लेकर महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 किलो गांजा, एक मोबाइल फोन, 10 हजार रुपए नकद और तस्करी में प्रयुक्त टाटा माजदा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा और अन्य सामानों की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।


