Ebola Virus Alert: वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर इबोला संक्रमण (Ebola Infection) की जांच के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की अनिवार्य स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।![]()
रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू (Raipur Airport Screening)
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एयरपोर्ट पर स्कैनिंग मशीन के जरिए यात्रियों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके। फिलहाल भारत में इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। (इबोला वायरस अलर्ट)
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रबंधन और मेडिकल टीम को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संदिग्ध लक्षण वाले यात्रियों को तत्काल आइसोलेशन में रखने और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एक नोडल अधिकारी की भी नियुक्ति की गई है।

अफ्रीकी देशों कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने हाल ही में इसे ‘पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑफ इंटरनेशनल कंसर्न’ घोषित किया है। इसके बाद भारत समेत कई देशों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हाल ही में कहा था कि देश में फिलहाल इबोला का कोई मामला नहीं है, लेकिन एयरपोर्ट, बंदरगाह और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही ICMR और अन्य एजेंसियों को ट्रैकिंग, टेस्टिंग और सर्विलांस के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है इबोला वायरस
इबोला एक गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी है, जिसकी मृत्यु दर काफी अधिक मानी जाती है। यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति या जानवर के खून और अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, उल्टी और दस्त शामिल हैं। गंभीर मामलों में आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव भी हो सकता है।



