CG Diesel Supply: किसानों को मिलेगी पर्याप्त डीजल, प्रतिबंध के बावजूद ड्रम और जरीकेन में मिलेगा डीजल

Bilaspur Diesel Ban:

CG Diesel Supply: छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि खेती-किसानी के कार्यों के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाएगा। ड्रम और जरीकेन में ईंधन देने पर प्रतिबंध के बावजूद किसानों को आवश्यक उपयोग के लिए छूट दी जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग, जिला प्रशासन और ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि खेतों की जुताई, बोवाई और सिंचाई कार्यों के लिए किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर डीजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और खरीफ सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Petrol Diesel Price:

दरअसल, खाद्य विभाग ने 22 मई 2026 को प्रदेश के 2516 पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्रम और जरीकेन में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगाया था। यह फैसला पेट्रोल और डीजल के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से लिया गया था। हालांकि अब खेती-किसानी की जरूरतों को देखते हुए किसानों को इस प्रतिबंध से राहत दी गई है।

 

खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि राज्य में फिलहाल पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में प्रदेश में 4 करोड़ 03 लाख लीटर पेट्रोल और 5 करोड़ 55 लाख लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। वहीं 24 मई 2026 को राज्य को 23 लाख 33 हजार लीटर पेट्रोल और 62 लाख 40 हजार लीटर डीजल की अतिरिक्त आपूर्ति प्राप्त हुई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को ट्रैक्टर, सिंचाई पंप और अन्य कृषि कार्यों के लिए डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *