CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में खंभे से टूटकर लटक रहे बिजली तार की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तेंदूपत्ता लेकर लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान यशवंत ध्रुव (37) निवासी दसपुर गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दसपुर बांध के पास खंभे से टूटकर लटक रहे 11 केवी सप्लाई लाइन के तार में उसकी गर्दन फंस गई।
आग में जिंदा जल गया युवक
करंट लगते ही तेज चिंगारी और आग की लपटें उठने लगीं। यशवंत को संभलने या भागने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते उसकी बाइक में आग लग गई और वह करंट व आग की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। कोतवाली थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है।

