CG News: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सूटकेस में गौमांस लेकर पहुंची दो महिलाओं को पकड़ लिया है। दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से ट्रेन के जरिए बिलासपुर पहुंची थीं और अपने साथ करीब 10 किलो से अधिक गौमांस ले जा रही थीं।![]()
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदेह होने पर महिलाओं के सूटकेस की तलाशी ली गई, जिसमें गौमांस बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार की है।
घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले को देखते हुए तोरवा थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं शहर के मगरपारा इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

