Raipur Stranger Party: राजधानी रायपुर में नशा और अश्लीलता से जुड़ी तथाकथित स्ट्रेंजर पार्टियों का जाल तेजी से फैलता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया के जरिए इन पार्टियों का प्रचार किया जाता है और युवक-युवतियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इन आयोजनों में एंट्री फीस तय होती है और अंदर नशे (Raipur Drug Party) के साथ आपत्तिजनक गतिविधियों की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर इन पार्टियों का प्रचार-प्रसार किया जाता है। इसके बाद तय लोकेशन पर इवेंट आयोजित होता है, जहां शराब, हुक्का जैसे नशे का इंतजाम रहता है और अश्लील हरकतें भी होती हैं।
बताया जा रहा है कि दूसरे शहरों की इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां स्थानीय आयोजकों के साथ मिलकर इस तरह की पार्टियों का आयोजन कर रही हैं। इन पार्टियों में कथित तौर पर कारोबारी, नेताओं और अफसरों के बच्चों की भागीदारी भी देखी जा रही है।
हजार रुपये एंट्री फीस (Stranger Meetup Party Raipur)
राजेंद्र नगर इलाके के एक कैफे में रविवार को ‘स्ट्रेंजर मीटअप’ पार्टी आयोजित होने वाली थी। इसका प्रचार पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर किया जा रहा था। वायरल वीडियो में युवक-युवतियां डांस करते नजर आए, वहीं शराब और हुक्का परोसे जाने की बात भी सामने आई। इस पार्टी की एंट्री फीस 1000 रुपये तय की गई थी।
विरोध के बाद रद्द हुई पार्टी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विरोध शुरू हो गया। इसके बाद संबंधित संगठन ने आपत्ति जताते हुए पार्टी रद्द करने की मांग की। बढ़ते दबाव के बीच कैफे संचालक ने इवेंट की बुकिंग रद्द कर दी।


