Raipur News: राजधानी रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में आज पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष ने शहर में बढ़ते जल संकट के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठाई, लेकिन सभापति ने स्पष्ट कर दिया कि इस विषय पर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के कारण चर्चा नहीं कराई जाएगी।![]()
बैठक से पहले गरमाया माहौल
दरअसल, यह विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनजागरूकता अभियान को लेकर बुलाई गई थी, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। सभा स्थल के बाहर भाजपा पार्षदों ने “कांग्रेस शर्म करो” के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।
काले कपड़ों में पहुंचे पार्षद-महापौर
विरोध दर्ज कराने के लिए महापौर और भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर बैठक में पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के पार्षद आमने-सामने नजर आए, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया। संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। फिलहाल, हंगामे और विरोध के बीच सभा की कार्यवाही जारी है।
