CG Traffic Rules: छत्तीसगढ़ में लेडार स्पीड कैमरे शुरू, अब सीधे घर पहुंचेगा चालान

CG Traffic Rules

CG Traffic Rules: छत्तीसगढ़ में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब सड़कों पर तेज गति से वाहन चलाने वालों को सीधे घर बैठे ई-चालान मिलेगा। इसके लिए राज्य में पहली बार लेडार आधारित आधुनिक स्पीड कैमरे लगाए गए हैं।

tcw

पायलट प्रोजेक्ट के तहत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से 7 हाईटेक स्पीड कैमरे लगाए गए हैं। इन्हें रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और धमतरी जिले के प्रमुख मार्गों पर स्थापित किया गया है। रायपुर में मरीन ड्राइव, वीआईपी रोड और मंदिर हसौद इलाके में कैमरे लगाए गए हैं। वहीं अन्य जिलों में ट्रैफिक दबाव और हादसों की संख्या को देखते हुए लोकेशन का चयन किया गया है।

ये वाई-फाई युक्त कैमरे 100 मीटर की दूरी से वाहनों की गति माप सकते हैं। दो लेन की सड़कों पर भी एक साथ कई वाहनों की निगरानी कर उनकी जानकारी रिकॉर्ड कर सकते हैं। यदि कोई वाहन तय गति सीमा से अधिक चलता है तो कैमरा उसकी नंबर प्लेट स्कैन कर फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करता है। इसके बाद ई-चालान जनरेट होकर वाहन मालिक को व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए भेज दिया जाएगा।

कैमरों में नाइट विजन की सुविधा भी दी गई है, जिससे रात और खराब मौसम में भी निगरानी संभव होगी। फिलहाल इनकी टेस्टिंग जारी है और जल्द ही इन्हें पूरी तरह लागू किया जाएगा। अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि पहले चरण में लोगों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद सख्ती से नियम लागू किए जाएंगे। भविष्य में इस व्यवस्था को अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *