Durg Goat Theft: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बकरा चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी दुपहिया वाहन से इलाके की रेकी कर चोरी करते थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।

प्रार्थी बन्नी अली (26) निवासी बजरंग चौक, ग्राम जोरातराई ने 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मार्च की शाम उसने अपने बकरों को घर में रखा था, लेकिन अगले दिन सुबह दो बकरे गायब मिले। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में अज्ञात युवक दुपहिया वाहन से बकरे ले जाते दिखाई दिए।

मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रूआबांधा क्षेत्र से उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरों को उन्होंने काटकर बेच दिया और उससे मिली रकम खर्च कर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
