Khairagarh News: आइसक्रीम के नाम पर जहर, अवैध फैक्ट्री पर छापा, 5000 चोकोबार और 3000 कैंडी नष्ट

Khairagarh News

Khairagarh News: खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा क्षेत्र में अवैध आइस फैक्ट्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों की संख्या में आइसक्रीम और कैंडी जब्त कर नष्ट कर दी। यह कार्रवाई 27 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस के संचालित हो रही थी और बहुत गंदगी के बीच आइसक्रीम व आइस कैंडी तैयार की जा रही थी। उत्पादों पर न तो बैच नंबर था, न निर्माण तिथि और न ही एक्सपायरी डेट लिखी थी।

कार्रवाई के दौरान करीब 5000 चोकोबार आइसक्रीम पैकेट, पैकेजिंग सामग्री और आइसक्रीम कोन जब्त कर तीन फ्रीजर में सीज किए गए। वहीं करीब 3000 ऑरेंज कैंडी को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। जब्त और नष्ट किए गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि फैक्ट्री बिना खाद्य लाइसेंस के चल रही थी। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी नियमों का पालन होने तक यहां आइसक्रीम और कैंडी का निर्माण, भंडारण और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे और उनकी टीम द्वारा की गई। विभाग ने गर्मी के मौसम में ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *