Korba Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चरित्र शंका के चलते पति द्वारा पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर कई वार किए और उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पसान थाना क्षेत्र के सारिसमार गांव की है।
जानकारी के अनुसार, नन्नू कूजूर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मार्च 2026 की रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर से मुर्गा-भात खाकर अपने घर लौट गया था। उसी रात राजूलाल कूजूर और उनकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद के दौरान आरोपी राजूलाल कूजूर ने लकड़ी के डंडे (बहिंगा) से पत्नी के सिर पर वार किया और उसका सिर दीवार में भी पटक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उर्मिला बाई की रात करीब 3 बजे घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अगले दिन 10 मार्च की सुबह लगभग 7 बजे आरोपी ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर नन्नू कूजूर मौके पर पहुंचा, जहां उर्मिला बाई मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे और घर की दीवार पर भी खून के निशान पाए गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजूलाल कूजूर (37) निवासी सारिसमार के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चरित्र शंका के कारण पत्नी की डंडे से मारकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
