Gold Silver Price Today: बुलियन मार्केट में निवेशकों और ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद अब दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी टूट देखने को मिल रही है। ऑल-टाइम हाई से तुलना करें तो चांदी 1.80 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना भी करीब 38,000 रुपये नीचे आ गया है।

लाइफटाइम हाई से कितनी आई गिरावट?
29 जनवरी 2026 को सोना और चांदी ने अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर को छुआ था। उस समय चांदी का भाव करीब 4,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास था, जो अब टूटकर 2,35,000 रुपये के करीब पहुंच गया है। इसी तरह सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से बड़ी गिरावट के साथ मौजूदा भाव पर कारोबार कर रहा है।
आज बाजार का क्या है हाल?

मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भारी बिकवाली देखने को मिली। चांदी की कीमत में 4,685 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 2,35,206 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं सोने के भाव में भी 1,210 रुपये की गिरावट आई और यह 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।

सर्राफा बाजार की स्थिति
दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी दामों में भारी अंतर देखने को मिला है। सोमवार को चांदी 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जो अपने रिकॉर्ड हाई 4,04,500 रुपये से लगभग 1.49 लाख रुपये सस्ती है। वहीं सोना सर्राफा बाजार में करीब 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बना हुआ है, जो अपने उच्चतम स्तर से लगभग 23,800 रुपये कम है।
