CG News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अवैध उत्खनन रोकने के नाम पर की गई कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. कुसमी SDM और उनके साथियों द्वारा की गई पिटाई से घायल 62 वर्षीय आदिवासी किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों का इलाज कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. (SDM की पिटाई से आदिवासी किसान की मौत)

घटना के बाद घायल ग्रामीणों के बयान के आधार पर कुसमी SDM करुण डहरिया, उनके साथ मौजूद बाहरी व्यक्ति विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजिल कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ राजपुर थाना में धारा 103, 115(2), 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी में है. (Balrampur SDM Case)

बताया जा रहा है कि यह मामला कुसमी ब्लॉक के हंसपुर गांव का है, जहां बॉक्साइट के कथित अवैध खनन की जांच के लिए SDM करुण डहरिया पहुंचे थे. आरोप है कि वे प्राइवेट गाड़ी में प्राइवेट लोगों को साथ लेकर पहुंचे. सरना के पास तीन ग्रामीणों को रोककर बिना किसी जांच के उन पर अवैध खनन का आरोप लगाया गया और फिर रॉड, डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की गई. ग्रामीणों को बेहोश होने तक पीटा गया.

मारपीट में घायल ग्रामीणों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 62 वर्षीय रामनरेश राम की मौत हो गई. (SDM Beaten Tribal Farmer Death) वहीं 60 वर्षीय अजीत उरांव और 20 वर्षीय आकाश अगरिया गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों ने बयान में बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया.

यह घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बिना पूछताछ SDM और उनके साथ मौजूद लोगों ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. सूत्रों के अनुसार, बाद में मामले को वैध दिखाने के लिए सामरी के नायब तहसीलदार पारस शर्मा को भी मौके पर बुलाया गया.

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था. मामले पर वैभव बैंकर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि प्रकरण में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि SDM समेत चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (Kusmi SDM FIR) दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर आगे की न्यायिक प्रक्रिया की जा रही है.
पहले भी विवादों में रहे हैं SDM करुण डहरिया
SDM करुण डहरिया का नाम पहले भी विवादों से जुड़ चुका है. जांजगीर जिले के चांपा में पदस्थापना के दौरान एक छात्र को थप्पड़ मारने के मामले में वे विरोध का सामना कर चुके हैं. वहीं प्रशिक्षण अवधि के दौरान नवंबर 2022 में गरियाबंद जनपद CEO रहते हुए नलकूप खनन का बिल पास करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए ACB ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था.
