Korba News: असिस्टेंट इंजीनियर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर मांगे थे पैसे

Korba News

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने किसान से खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर घूस की मांग की थी। मामला दीपका थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रलिया निवासी किसान श्यामता टंडन ने अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत विभाग में आवेदन किया था। आवेदन के बाद असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर ने मौके का निरीक्षण किया और चालान शुल्क के अलावा नाश्ता-पानी के नाम पर 80 हजार रुपए की मांग की। आरोपी पहले ही 30 हजार रुपए ले चुका था और शेष 50 हजार रुपए की लगातार मांग कर रहा था।

Korba Assistant Engineer Arrested Taking Bribe for Transformer

रिश्वत देने से इनकार करने पर किसान ने बिलासपुर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 28 जनवरी को शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपए के साथ आरोपी के दीपका स्थित कार्यालय भेजा गया। जैसे ही असिस्टेंट इंजीनियर ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोपी के पास से 50 हजार रुपए बरामद किए गए।

एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की रिश्वत मांग की सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *