Raipur News: रायपुर में रात में घूमने वाले सावधान, 23 संदिग्ध पकड़े गए; चाकू-तलवार बरामद

Raipur News

Raipur News: रायपुर में रात के समय बेवजह घूमने और अड्डेबाजी करने वालों के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 28-29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात शहरभर में सघन गश्त अभियान चलाया। इसका उद्देश्य अपराध को घटित होने से पहले रोकना और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना रहा।

पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में टीमें तैनात की गईं। गश्त के दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में अड्डेबाजी और संदिग्ध रूप से घूम रहे 23 व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी में इनके पास से 3 चाकू और 1 तलवार बरामद की गई। सभी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा आजाद चौक, बस स्टैंड, रजबंधा मैदान और बोरियाखुर्द कॉलोनी क्षेत्रों में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की भी सघन चेकिंग की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की नियमित रात्रि गश्त से शहर में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *