Raipur News: ड्राई-डे में रायपुर में शराब बेचते पकड़े गए कोचिये, 11 आरोपी गिरफ्तार; 465 लीटर शराब जब्त

Raipur News

Raipur News: राजधानी रायपुर में ड्राई-डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 465 लीटर से अधिक देशी और विदेशी शराब जब्त की गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी शराब कहां से सप्लाई कर रहे थे।

आबकारी और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आमानाका इलाके से मंटू साहू, तेलीबांधा से देव सोनी, गंज से आकाश सिंह, पुरानी बस्ती से सुभाष सोनकर, उरला से राहुल पाल, खरोरा से डालेश्वर कुमार साहू, मौदहापारा से अमजद खान और कोतवाली क्षेत्र से सुरेश बघेल को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा प्रदुम तांडी, खमतराई से राजेंद्र अहिरे और श्याम सोनी देवार को भी शराब के साथ पकड़ा गया।

जब्त की गई शराब की मात्रा 465 लीटर से अधिक बताई जा रही है। पूछताछ के बावजूद आरोपी यह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सप्लायर है। इस बिंदु पर पुलिस और आबकारी विभाग की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि रायपुर में शराब सिंडिकेट के कई गिरोह सक्रिय हैं, जो सरकारी शराब दुकानों से शराब लेकर उसे ओवररेट में बेचते हैं। पूर्व में भी कई मामलों में इस तरह के संगठित नेटवर्क का खुलासा हो चुका है। वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ अमले को अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि ड्राई-डे जैसे अवसरों पर कानून का उल्लंघन न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *