RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद वे सीधे जागृति मंडल कार्यालय पहुंचे। इस दौरे के दौरान मोहन भागवत हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सामाजिक सद्भावना बैठक समेत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही वे संगठन की विचारधारा, सामाजिक दायित्व और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

आज 31 दिसंबर को हिंदू सम्मेलन का आयोजन
आज 31 दिसंबर को रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत सोनपैरी गांव स्थित असंग देव कबीर आश्रम में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि राष्ट्रीय संत गुरुदेव असंग मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू हो चुका है। सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए विशाल डोम का निर्माण किया गया है।
एम्स में होगा युवा संवाद
आज 31 दिसंबर को ही सुबह 9 से 12 बजे तक एम्स रायपुर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. मोहन भागवत युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी समेत विभिन्न क्षेत्रों से लगभग दो हजार युवाओं को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन के माध्यम से RSS जनवरी माह में प्रदेशभर में होने वाले युवा सम्मेलनों की शुरुआत करेगा।

नए साल के पहले दिन सद्भावना बैठक
एक जनवरी को नए साल के पहले दिन राम मंदिर परिसर में सामाजिक सद्भावना बैठक का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9 से 12 बजे तक चलने वाली इस बैठक में डॉ. मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश के विभिन्न समाजों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है, जहां सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
