Siyan Gudi Centre: रायपुर: वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में बढ़ते अकेलेपन की समस्या को दूर करने और उन्हें सक्रिय व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘सियान गुड़ी योजना’ की शुरुआत की जा रही है। इसी कड़ी में रायपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ आज 30 दिसंबर को किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन और सहयोग से समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा संचालित इस केंद्र की व्यवस्था महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनर्निर्माण के माध्यम से की गई है। यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाजनक और आत्मीय वातावरण तैयार किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुसार ‘सियान गुड़ी’ डे केयर सेंटर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग एवं व्यायाम, नाश्ता व चाय, मनोरंजक गतिविधियां, कौशल विकास कार्यक्रम, परामर्श सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच, टेली-कंसल्टेशन, समूह चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित समयावधि के बाद वरिष्ठ नागरिक अपने-अपने घर लौट सकेंगे। ‘सियान गुड़ी’ योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सक्रिय सामाजिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अकेलेपन की भावना से मुक्त होकर स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
