CG News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को सुकमा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (SDOP) तोमेश वर्मा पर चाकू से घातक हमला कर दिया गया। यह वारदात जिला न्यायालय से कुछ दूरी पर स्थित TVS शोरूम के पास हुई। हमले में SDOP गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SDOP तोमेश वर्मा (UAPA) से जुड़े एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में शुक्रवार को दंतेवाड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान दुर्ग जिले में चल रहे एक पुराने मामले के आरोपी रविशंकर साहू और रंजिता वर्मा उनसे मुलाकात करने के लिए दुर्ग से दंतेवाड़ा आए। दोनों ने SDOP को कोर्ट के पास टीवीएस शोरूम के सामने मिलने के लिए बुलाया।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। इसी दौरान आरोपी युवक ने अपने पास रखे चाकू से SDOP पर घातक वार कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने रविशंकर साहू और रंजिता वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
