National Herald Case: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पंडरी इलाके में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय घेरने के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पोस्टर पर कालिख पोती।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मौजूद रहे। भूपेश बघेल ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के तहत विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है।
पहले देखिए इन तस्वीरों को…





प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक अनिता शर्मा, विकास उपाध्याय सहित एनएसयूआई के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मेकाहारा चौक के पास प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्कामुक्की हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। हालांकि कुछ दूरी पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड मामले में कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने ईडी और ईओडब्ल्यू की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस पप्पू बंसल की गवाही के आधार पर उनके बेटे को जेल भेजा गया, उसे पहले ही फरार घोषित किया जा चुका था। इसके बावजूद ईडी उसे बयान के लिए लेकर आई और जब यह बात सामने आई तो एजेंसी उसे लेकर वहां से चली गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब एजेंसियां भी भागने लगी हैं।
