CG News: संदिग्ध परिस्थितियों में बाघ की मौत, शिकार की आशंका

बलरामपुर: CG News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से लगे सूरजपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत भैंसामुंडा क्षेत्र के जंगल में एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। बाघ की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में बाघ के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे किसी हमले या शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग द्वारा शव का परीक्षण किया जा रहा है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है, ताकि बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।

इस मामले में वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई ने बताया कि घटनास्थल सूरजपुर जिले के अंतर्गत आता है और यह एक सरहदी वन क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि बाघ जैसे संरक्षित वन्यजीव की मौत बेहद गंभीर विषय है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और उच्च अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *