Rajnandgaon Murder: राजनांदगांव में देवी पदचिन्ह की अफवाह का किया विरोध, पड़ोसी ने युवक को मारकर कुएं में डाला, राज छुपाने पैरा भी डाला

Rajnandgaon Murder

Rajnandgaon Murder: राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के मारगांव (Margao Murder case) में अंधविश्वास के विरोध पर एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी महेश सिन्हा ने गांव में एक महिला के घर के बाहर ‘माता लक्ष्मी का पदचिह्न’ बनाकर चमत्कार की अफवाह फैलाई थी। इस धोखाधड़ी का विरोध मृतक आंगेश्वर साहू (40) ने किया था। गांव की बैठक में आंगेश्वर की बात पर आरोपी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगा था। इसी रंजिश में आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।

घटना 10 नवंबर की रात की है। आंगेश्वर का शव खेत में एक पानी से भरे गड्ढे में मिला। बाहर रखी साइकिल और चप्पल से उसकी पहचान हो पाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। (Rajnandgaon andhvishwas Hatya)

चमत्कार की अफवाह से शुरू हुई मर्डर की कहानी

पुलिस के मुताबिक, जानकारी के अनुसार, आरोपी महेश सिन्हा ने नवदुर्गा उत्सव के दौरान गांव की एक महिला के घर के बाहर एक पदचिह्न बनाया था। उसने इस पदचिह्न को “माता लक्ष्मी का पदचिह्न” बताकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में चमत्कार की अफवाह फैलाई थी।

दरअसल, जिस महिला के घर यह पदचिह्न बनाया गया था, वह आरोपी महेश की रिश्तेदार थी। गांव की एक बैठक में आरोपी और संबंधित महिला दोनों ने इस बात को स्वीकार किया था कि यह एक छल था।

50 हजार का जुर्माना लगाने पर हत्या की साजिश रची

मृतक आंगेश्वर साहू, जो उस महिला के रिश्तेदार भी थे, ने इस पूरे प्रकरण और धार्मिक धोखाधड़ी का खुलकर विरोध किया। गांव की बैठक में आंगेश्वर के कहने पर आरोपी महेश पर 50,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया था। यह बात आरोपी को नागवार गुज़री और उसने आंगेश्वर की हत्या की साजिश रच डाली।

घटनाक्रम के अनुसार, 10 नवंबर सोमवार की सुबह लगभग 7 बजे आंगेश्वर साहू (Angeshwar Sahu Murder) अपने खेत की फसल देखने साइकिल से निकले थे। जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत के पास उनकी साइकिल मिली, लेकिन आंगेश्वर का कोई पता नहीं चला।

Rajnandgaon Murder

कुएं से बरामद हुआ शव

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने आरोपी महेश सिन्हा (Mahesh Sinha Arrest) को झाड़ी के पास खून से सने कपड़ों में देखा था। अगले दिन सुबह कुछ ग्रामीणों ने महेश सिन्हा को खेत के पास एक कुएं में पैरा (घास) डालते हुए देखा, जिससे उन पर शक गहरा गया।

कुएं के पास मृतक आंगेश्वर की चप्पलें भी मिलीं। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आंगेश्वर साहू के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके पड़ोसी महेश सिन्हा ने की है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी महेश घबराहट की हालत में मौके से अपने खून से सने एक कपड़े को वहीं छोड़कर भाग गया था। बाद में आंगेश्वर का शव कुएं से बरामद किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *