Raigarh News: तेज रफ्तार ट्रक ने 4 गाय और 4 बकरियों को कुचला, मवेशियों को लेकर घर लौट रहा था चरवाहा

Raigarh News

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने सड़क किनारे जा रहे 4 गाय और 4 बकरियों को कुचल दिया। हादसे में सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।

ट्रक ने 4 गाय और 4 बकरियों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लैलूंगा से घरघोड़ा की ओर जा रहा हाईवा बेकाबू था। उसने सड़क किनारे चल रहे मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 4 गाय और 4 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मवेशियों को लेकर घर लौट रहा था चरवाहा

जानकारी के अनुसार, सोहनपुर गांव के रहने वाले 60 वर्षीय महेश्वर यादव खेती-किसानी के साथ पशुपालन भी करते हैं। रविवार को वह रोज की तरह अपनी गाय, बैल और बकरियों को चराने के लिए गोड़ा की ओर ले गए थे। शाम करीब 5 बजे जब वे अपने मवेशियों को चराकर घर लौट रहे थे, तभी सोहनपुर मेन रोड के पास यह हादसा हो गया।

ड्राइवर फरार

घटना की जानकारी मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 325-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *