Kanker Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जिले में सक्रिय 21 नक्सलियों ने AK-47 समेत 18 हथियारों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। जंगलवार कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आत्मसमर्पित नक्सलियों का रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया गया।
इस दौरान बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने नक्सलियों को संविधान की प्रति भेंट कर मुख्यधारा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की सेवा करना चाहते हैं, उनका पुलिस प्रशासन खुले दिल से स्वागत करेगा।

नक्सलियों से अपील – आत्मसमर्पण कर शांति का रास्ता अपनाएं
इस नई रणनीति का असर भी दिखने लगा है। इसी माह जगदलपुर में 208 नक्सलियों ने 109 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था। अब कांकेर जिले के दो एरिया कमेटियों के 21 नक्सलियों ने 18 हथियार पुलिस को सौंपे हैं। आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि एक समय था जब नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी में 45 सदस्य थे, जो अब घटकर केवल 6 से 7 रह गए हैं। उन्होंने दक्षिण बस्तर के जंगलों में छिपे नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि वे आत्मसमर्पण कर शांति का रास्ता अपनाएं अन्यथा सुरक्षा बलों की कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
