Dhamtari Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रुद्री थाना क्षेत्र के भटगांव इलाके में रविवार शाम तेज रफ्तार इको कार (CG 04 HC 0364) ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
नशे में धुत इको कार चालक सूर्यदेव अग्रवाल ने करीब 3 किलोमीटर तक दौड़ाते हुए 5 लोगों को रौंदा और एक को लगभग 300 मीटर तक घसीटा। पूरा मामला रुद्री थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार एक व्यक्ति को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गई। जिसका उन्होंने वीडियो बना लिया जो अब सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार के नीचे व्यक्ति फंसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हादसे की शुरुआत तब हुई जब कार ने पहले एक युवक को टक्कर मारी। इसके बाद ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश में और तेज रफ्तार से आगे बढ़ गया, जिससे बाइक और साइकिल सवार अन्य लोग भी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने पीछा करते हुए आरोपी चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। धमतरी निवासी आरोपी सूर्यदेव अग्रवाल फुटकर कपड़ा व्यापारी है।



जानिए कैसे हुआ हादसा
यह घटना धमतरी जिले के भटगांव क्षेत्र की है। रविवार को तेज रफ्तार कार गंगरेल की ओर से आ रही थी। जैसे ही कार भटगांव के पास ‘दीदी की रसोई’ नामक जगह के पास पहुंची, उसने पहले एक राहगीर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ड्राइवर घबरा गया और उसने रफ्तार और तेज कर दी।
एक के बाद एक, पांच लोगों को टक्कर मारी
इस दौरान तेज रफ्तार कार साइकिल और बाइक सवारों को भी रौंदते हुए आगे निकल गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक कार ने एक के बाद एक करीब पांच लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी घायल है।
स्थानीय लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़ा
राहगीरों ने हादसे के बाद कार का पीछा किया। कार गोकुलपुर के पास खेतों में जा घुसी, जहां स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर कार ड्राइवर को पकड़ लिया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया।
बाजार से लौट रहा था कार सवार कपड़ा व्यापारी
यह वाहन कपड़े से भरा हुआ था। फुटकर कपड़ा व्यापारी सूर्यदेव बाजार से सामान खरीदकर लौट रहा था। इस दौरान ड्राइवर नशे में था और वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हो गया।
