Smriti Irani CG Visit: 25 अक्टूबर को स्मृति ईरानी का पहली बार छत्तीसगढ़ दौरा, मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आएंगी, सांसद-विधायकों से भी करेंगी बैठक

Smriti Irani

Smriti Irani CG Visit: भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी नियुक्ति के 32 दिन बाद 25 अक्टूबर को पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रही हैं। उनके दो दिवसीय दौरे को लेकर संगठन में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान वह सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और निगम-मंडलों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगी। उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, दौरे से पहले सभी मंत्रियों के कामकाज का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड तैयार कराया गया है। इसमें विभागों की उपलब्धियां, लंबित मामले, विवाद और कमियों की जानकारी शामिल है। बताया जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर स्मृति ईरानी मंत्रियों से व्यक्तिगत चर्चा करेंगी।

पहले सांसद, फिर विधायक और उसके बाद मंत्री

दौरे के दौरान सबसे पहले सांसदों के साथ बैठक होगी। इसके बाद विधायकों से चर्चा की जाएगी। अंतिम चरण में मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनके विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। संगठनात्मक बैठकों में निगम-मंडलों के अध्यक्षों से भी चर्चा होगी।

सेवा संकल्प अभियान की होगी समीक्षा

स्मृति ईरानी अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलाए गए सेवा संकल्प अभियान की भी समीक्षा करेंगी। संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी पदाधिकारियों के साथ मंथन होगा।

मंत्रिमंडल में बदलाव पर अटकलें

स्मृति ईरानी के दौरे से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि फिलहाल ऐसे कोई स्पष्ट संकेत सामने नहीं आए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्तर पर होने वाले फैसलों के बाद ही राज्य में किसी बदलाव पर विचार किया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष बदलने की भी चर्चा

भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलें भी जारी हैं। हालांकि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के कामकाज को लेकर संगठन संतुष्ट बताया जा रहा है। फिर भी आगामी चुनावों को देखते हुए जातीय और संगठनात्मक समीकरणों के आधार पर बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

Smriti Irani

भाजयुमो निकालेगा बाइक रैली

प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के स्वागत के लिए भाजयुमो रायपुर में मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *