Raipur Cricket Match: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए महिला टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 116 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ स्मृति मंधाना ने पूर्णकालिक टी-20 कप्तान के तौर पर जीत के साथ शुरुआत की। रायपुर में खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए 10 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे।
शुरुआत में लड़खड़ाई भारतीय पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान स्मृति मंधाना 9 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि शेफाली वर्मा 4 रन और अनुषा शर्मा भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। हरमनप्रीत कौर भी सिर्फ 1 रन बना सकीं।
एक समय भारतीय टीम ने 19 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला मुश्किल नजर आ रहा था।
दीप्ति और नंदनी ने संभाली पारी
मुश्किल हालात में दीप्ति शर्मा और नंदनी प्रसाद ने शानदार साझेदारी करते हुए भारतीय टीम को जीत की राह पर वापस ला दिया। दीप्ति शर्मा ने 37 गेंदों में 49 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल रहे।
वहीं नंदनी प्रसाद ने 35 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने मुकाबले में वापसी की और जीत हासिल की।
दीप्ति के आउट होने के बाद भी नंदनी ने धैर्य बनाए रखा। ऋचा घोष ने 5 गेंदों में 7 रन बनाए, जबकि अरुंधति रेड्डी 2 रन बनाकर नाबाद रहीं।
जिम्बाब्वे ने बनाए थे 114 रन
इससे पहले जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे। के. एनड्लोवू ने नाबाद 42 रन और एस. मेयर्स ने नाबाद 20 रन की पारी खेली। भारत की ओर से क्रांति गौड़ और श्री चरणी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
रायपुर में पहली बार हुआ महिला टी-20 मुकाबला
रायपुर में पहली बार आयोजित महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया। चौकों और विकेट पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा स्टेडियम रोमांच से भर गया।




