Janjgir Champa Accident: जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार की टक्कर से स्कूटी सवार भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामा के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसा मंगलवार शाम ग्राम जावलपुर के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कापन निवासी खुशी कश्यप (20) अपनी स्कूटी से ग्राम दहकोनी स्थित अपने भाई विनोद कौशिक (25) के घर पहुंची थीं। वहां से दोनों स्कूटी से जावलपुर स्थित मामा के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे। स्कूटी विनोद कौशिक चला रहे थे।
शाम करीब 6:30 बजे बलौदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार ने सामने से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने थार चालक संस्कार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्घटना में शामिल थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
,


