Balod School: बालोद जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की 5 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से छात्राओं को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।![]()
स्कूल में अचानक बेहोश हुईं छात्राएं
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद उसकी सांसें तेज चलने लगीं। कुछ ही देर में यूहाना चंद्रवंशी, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका और कक्षा 9वीं की छात्रा नितेश्वरी को भी चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत हुई, जिसके बाद वे भी बेहोश हो गईं।
एक छात्रा की हालत गंभीर
स्कूल प्रबंधन ने सभी छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान यूहाना चंद्रवंशी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया। वहीं दो छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। अन्य छात्राओं का इलाज भी किया गया।
भोजन नहीं करने की आशंका
विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह पर्याप्त भोजन किए बिना स्कूल आई थीं, जिसके कारण कमजोरी से चक्कर आने की संभावना है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकीय जांच की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि पिछले वर्ष भी विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना होने से अभिभावकों ने चिंता जताई है और मामले की जांच कर उचित व्यवस्था करने की मांग की है।

