Raipur NSUI Protest: छत्तीसगढ़ में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में विभिन्न छात्र और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। रायपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर आयोजित धरने में छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।![]()
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के पांच कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। इनमें हेमंत पाल, अनुज शुक्ला, इंडिया घृतलहरे, ड्रिंकल और सोनम शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने विरोध दर्ज कराते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
धमतरी में भी समर्थन
धमतरी के गांधी मैदान में सामाजिक कार्यकर्ता मितेश जैन ने सोनम वांगचुक के समर्थन में एक दिवसीय अनशन किया। इस दौरान शहर के कई लोगों ने अनशन स्थल पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
बीजापुर से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम पत्र
बीजापुर में बस्तर संभाग के आदिवासी युवा छात्र संगठन ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर सोनम वांगचुक की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों प्रतियोगी परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, पेपर लीक के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू करने की मांग की।
दिल्ली की कार्रवाई का भी किया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।
पहले दिन भी बड़ी संख्या में जुटे थे लोग
रायपुर में आंदोलन के पहले दिन डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर 500 से अधिक छात्र, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।




