CG Bee Attack: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजेभाठा में प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों के हमले से करीब 40 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि सभी छात्रों की हालत सामान्य बताई जा रही है। (डोंगरगांव मधुमक्खियों का हमला)![]()
अचानक छत्ते से निकलीं मधुमक्खियां (Rajnandgaon Bee Attack)
जानकारी के अनुसार सुबह विद्यालय में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान स्कूल परिसर के पास एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकलकर बच्चों पर हमला करने लगीं। हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। (छात्रों पर मधुमक्खियों ने किया हमला)
इलाज जारी (Dongargaon Bee Attack Students Injured)
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची। कुछ छात्रों का प्राथमिक उपचार स्कूल परिसर में ही किया गया, जबकि अधिक प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव ले जाया गया। सभी को आवश्यक दवाइयां दी गईं और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
BMO ने दी जानकारी
बीएमओ ने बताया कि करीब 40 बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारा है। आशंका है कि स्कूल के पास पेड़ पर बने छत्ते को किसी पक्षी ने छेड़ दिया, जिससे मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।



