CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखा गया।![]()
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
50-60KM प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
तापमान में बदलाव नहीं
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रायपुर और बिलासपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेंड्रारोड सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, हल्की बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


