Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पत्नी से कथित प्रेम संबंध के शक में एक 27 वर्षीय बाउंसर की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।![]()
मृतक की पहचान पथर्रा गांव निवासी निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना की रात निखिल अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
आंखों में डाला मिर्च पाउडर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल के चेहरे और आंखों पर मिर्च पाउडर फेंका। अचानक हुए हमले से निखिल संभल नहीं पाया। इस दौरान उसके साथ मौजूद दोनों साथी मौके से भाग निकले।
पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या
मिर्च पाउडर डालने के बाद आरोपियों ने निखिल पर हमला कर दिया। आरोप है कि भोला मानिकपुरी ने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल निखिल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रेम संबंध के शक में वारदात
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह सहित कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल गोस्वामी के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
आरोपियों की तलाश जारी
कोटा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों की तलाश जारी है।


