CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्कूलों के शाला अनुदान और सरकारी राशि के उपयोग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सिरगिट्टी और देवरीखुर्द संकुल के बाद अब कोटा विकासखंड के प्राथमिक शाला परसापानी और प्राथमिक शाला छतौना में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। मामले में फर्जी बिल लगाकर राशि निकालने के आरोप लगाए गए हैं।![]()
जानकारी के अनुसार, स्कूलों में सामग्री खरीदी और अन्य खर्चों के नाम पर प्रस्तुत किए गए कुछ बिलों को लेकर संदेह जताया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिन दुकानों के नाम से बिल लगाए गए हैं, संबंधित दुकानदारों ने ऐसे बिल जारी करने से इनकार कर दिया है। इससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
3 दिन में मांगा जवाब
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोटा विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक शाला परसापानी और प्राथमिक शाला छतौना के प्रधान पाठकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच शुरू
जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।
