Jagdalpur Accident: जगदलपुर जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार करीब 10 मजदूर घायल हो गए। यह घटना दरभा थाना क्षेत्र के कोलेंग नाला के पास पहले मोड़ पर शाम करीब 4 बजे हुई।![]()
धान से लदा ट्रक पलटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। धान से लदा होने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया।
CRPF जवानों ने संभाला मोर्चा
घटना के समय वहां से गुजर रही CRPF की 80वीं बटालियन के जवानों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने घायलों को ट्रक से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और सभी को नजदीकी नानगुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।


