Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रुनकता थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और मकान मालिक के साथ मिलकर उस पर हमला किया और चाकू से उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी के बाद उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। (पत्नी ने पति का प्राइवेट पार्ट काटा)
पीड़ित युवक एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र का निवासी है और आगरा के सिकंदरा इलाके में किराए के मकान में रहकर जूते की फैक्टरी में काम करता था। युवक के अनुसार, उसे लंबे समय से पत्नी और एक अन्य युवक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। जब उसने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। कुछ समय पहले उसकी पत्नी अलग रहने लगी थी।
पीड़ित ने बताया कि 2 अप्रैल की रात करीब 11 बजे सब्जी मंडी के पास उसे उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और मकान मालिक ने रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, क्योंकि पीड़ित के बयान में बार-बार बदलाव सामने आ रहा है। जांच के दौरान युवक अपने निवास का सही पता भी नहीं बता सका।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


